बलौदाबाजार-भाटापारा, 02 जनवरी 2026/
जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में प्रारंभ की गई “समाधान सेल” योजना लगातार सफल साबित हो रही है। आम नागरिकों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करहीबाजार क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के एक मामले का खुलासा किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस चौकी करहीबाजार की टीम ने ग्राम करहीबाजार में घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान अवैध रूप से शराब बेचने के लिए ले जा रहे दो शराब कोचियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹3800 मूल्य की 38 पाव देशी मसाला शराब तथा शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG22 R 2825 को जब्त किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम –
विरेंद्र सेन (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम करहीबाजार
राज रात्रे (उम्र 19 वर्ष), निवासी ग्राम करहीबाजार
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या समस्या की सूचना समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
“समाधान सेल” के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है, जिससे जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में उल्लेखनीय सफलता मिल रही है।