रायपुर।
समदृष्टि क्षमता विकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम), छत्तीसगढ़ प्रांत द्वारा रायपुर में एलटीएस (Altius) के सहयोग से एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ‘लाइवलीहुड ऑन व्हील्स’ (सक्षम – एक नई उड़ान) अभियान के अंतर्गत 58 जरूरतमंद अस्थिबाधित दिव्यांगजनों को निशुल्क ई-साइकिल वितरित की गईं, जिससे उनके रोजगार, आवागमन और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिलेगी।
यह कार्यक्रम श्रीराम मंदिर स्थित वाल्मीकि सभागार, वी.आई.पी. रोड रायपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक दीप मंत्रों के साथ दीप प्रज्वलन द्वारा किया गया। प्रारंभ में श्री अविनाश चटर्जी (कार्यक्रम व्यवस्था प्रमुख एवं सक्षम जिला सचिव, रायपुर) ने संगठन गीत प्रस्तुत किया, वहीं श्री सुभाष जंघेल (सक्षम जिला कोषाध्यक्ष, रायपुर) द्वारा संगठन मंत्र का पाठ किया गया। पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन सक्षम छत्तीसगढ़ समन्वयक श्री सतीश राजवाड़े ने किया।
मुख्य अतिथि माननीय श्री भुवनेश यादव ने अपने उद्बोधन में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण पर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय स्तर पर मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण अभियान का नेतृत्व कर रहे श्री कोपरगांवकर जी ने जानकारी दी कि इस प्रकल्प के तहत देश के 7 राज्यों में 308 दिव्यांगजनों को निशुल्क मोटराइज्ड व्हीलचेयर प्रदान की जा रही हैं। कार्यक्रम में श्री रवि विभूते जी एवं श्री विश्वजीत सरमंडल जी (राष्ट्रीय समिति सदस्य, मोटराइज्ड व्हीलचेयर वितरण) की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
विशिष्ट अतिथि श्री वेदव्रत सिरमौर जी (पुलिस अधीक्षक, गरियाबंद) ने सक्षम संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए दिव्यांगजनों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
यह निशुल्क ई-साइकिल वितरण कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं सक्षम प्रांत संगठन मंत्री श्री रामजी रजवाड़े जी के प्रत्यक्ष मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में सक्षम प्रांत कोषाध्यक्ष श्री जैनेंद्र जैन, प्रांत सह सचिव श्रीमती अंजलि चावड़ा, प्रांत महिला प्रमुख श्रीमती पदमा शर्मा, प्रांत युवा प्रमुख श्री शरद चंद्र, सक्षम जिला अध्यक्ष डॉ. नम्रता सिरमौर, श्री संतोष सोनी, बलौदाबाजार सक्षम सचिव श्री नूतन सेन, महासमुंद संयोजक श्री राजेश नायक, कोरबा संयोजक श्री लोकनाथ सेन, चरैवेति प्रकोष्ठ डॉ. नूतन साहू, रायपुर जिला युवा प्रमुख श्री विवेक साहू, श्री बोधिसत्व धुरंधर, श्री दीपक साहू, श्री राजवीर अहिरवार, श्री सुरजीत परगनिया, रायपुर आयाम प्रमुख डॉ. विनय सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में 86 दिव्यांगजन एवं लगभग 400 नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजन ने दिव्यांगजनों के आत्मसम्मान, स्वावलंबन और सामाजिक सहभागिता को सशक्त करने का सशक्त संदेश दिया।