सिमगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गौवंश का वध करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 आरोपी गिरफ्तार
सिमगा | 06 अप्रैल, 2026 थाना सिमगा पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही गौवंश वध की घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गौवंश के साथ क्रूरता करने और मांस विक्रय करने के मामले में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें विधि से संघर्षरत 2 किशोर भी शामिल हैं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब ग्राम कोलिहा निवासी प्रार्थी करण निषाद ने 2 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई कि कोलिहा और मांढर के बीच खार में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गौवंश का वध कर दिया है, जिसका क्षत-विक्षत शव मौके पर पड़ा है। इसी तरह की घटनाएं पूर्व में ग्राम अडबंधा और दरचुरा में भी घटित हुई थीं।
पुलिस ने इन मामलों को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325 और छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 3 अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज किए थे।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने थाना प्रभारी सिमगा को आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने तफ्तीश के दौरान:
- घटनास्थल के आसपास के सभी पहुंच मार्गों के CCTV फुटेज खंगाले।
- ग्राम गणेशपुर, विश्रामपुर और आसपास के क्षेत्रों में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
- विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर दबिश देकर ग्राम गणेशपुर निवासी आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौवंश का वध कर उसका मांस विक्रय करने का काम करते थे। पकड़े गए आरोपियों के नाम इस प्रकार हैं:
- राजीव मसीह उर्फ बॉबी (22 वर्ष), निवासी ग्राम गणेशपुर।
- साहिल मसीह (21 वर्ष), निवासी ग्राम गणेशपुर।
- विधि से संघर्षरत 02 बालक।
पुलिस ने सभी आरोपियों को आज दिनांक 06.04.2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के पशुपालकों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशु क्रूरता और अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।