
रिपोर्टर टेकराम कोसले
महासमुंद।
जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर लगाम लगाने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने पिथौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने विकासखंड पिथौरा के होटलों, ढाबों और गैस एजेंसियों में जांच कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में सिलेंडर जब्त किए।
खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल में सहायक खाद्य अधिकारी हरीश सोनेश्वरी, मनीष यादव, खाद्य निरीक्षक सुशील शर्मा, अविनाश दुबे और दिव्यांशु देवांगन शामिल थे। टीम ने पिथौरा में संचालित होटलों, ढाबों और गैस एजेंसियों की जांच की।
जांच के दौरान पिथौरा स्थित श्री जगन्नाथ इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम में रखे गैस सिलेंडरों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया। सत्यापन में वास्तविक स्टॉक की तुलना में अनियमितता सामने आई। जांच में 14.2 किलोग्राम के 39 घरेलू गैस सिलेंडर, 5 किलोग्राम के 19 छोटे सिलेंडर और 19 कमर्शियल सिलेंडर की कमी पाई गई। स्टॉक में अनियमितता पाए जाने पर एजेंसी से कुल 625 सिलेंडर जब्त किए गए।
इसी तरह होटल-ढाबों में भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करते पाए जाने पर कार्रवाई की गई। संतोष होटल पिथौरा से 6 घरेलू सिलेंडर, हनुमान माखड़ी भोजनालय पिथौरा से 3 सिलेंडर और महाकाल चाय सेंटर पिथौरा से 1 घरेलू सिलेंडर जब्त किया गया।
खाद्य विभाग के अनुसार संबंधित गैस एजेंसी और प्रतिष्ठानों द्वारा द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियम) आदेश 2000 के प्रावधानों का उल्लंघन किया गया है। इस मामले में जब्त सिलेंडरों का प्रकरण सक्षम न्यायालय महासमुंद में प्रस्तुत किया जाएगा।
विभाग ने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे ईंधन के रूप में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें। खाद्य विभाग ने चेतावनी दी है कि होटल-ढाबों की नियमित जांच जारी रहेगी और घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।