सारंगढ़-बिलाईगढ़। सरसीवा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए क्षेत्र में हुए करीब 31 लाख रुपये के बैंकिंग घोटाले का खुलासा किया है। इस मामले में मुख्य आरोपी शिवा साहू समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर बैंककर्मियों से सांठगांठ करते हुए होल्ड खातों को फर्जी तरीके से अनहोल्ड कराया और खातों से लाखों रुपये की निकासी कर ली। इस संगठित ठगी में कुल लगभग 31 लाख रुपये का गबन किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
➡️ शिवा साहू (निवासी रायकोना) पारसनाथ साहू (निवासी चकरदा) सूर्यकांत साहू उर्फ सोनू साहू (निवासी मोहतरा (न))
क्या है पूरा मामला?
25 दिसंबर 2025 को एचडीएफसी बैंक बिलाईगढ़ एवं सारंगढ़ के बैंक प्रबंधकों ने शिकायत दर्ज कराई थी कि थाना सरसीवा क्षेत्र के कुछ खातों में होल्ड की गई राशि को फर्जी दस्तावेजों के जरिए अनहोल्ड कर निकासी की गई है। जांच में सामने आया कि ऋतु साहू के खाते से लगभग 21 लाख रुपये और शिवा साहू के खाते से करीब 10.34 लाख रुपये निकाल लिए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सरसीवा में अपराध क्रमांक 389/2025 और 390/2025 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा।
बरामद सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त—
➡️ इनोवा कार, सेलेरियो कार,जावा मोटरसाइकिल,एक्टिवा स्कूटी,लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल फोन,कूटरचित दस्तावेज
आदि करीब 40 लाख रुपये मूल्य की सामग्री जब्त की है।
पुलिस टीम की भूमिका:
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडेय तथा एसडीओपी विजय कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी वीणा यादव के नेतृत्व में की गई। पूरी कार्रवाई में थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य आरोपियों और बैंकिंग नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।