रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई अवैध कबाड़ कारोबार पर करारा प्रहार, 4.90 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त, 17 आरोपी गिरफ्तार

SARJU PRASAD SAHU

January 22, 2026

रायगढ़ । 21 जनवरी 2026 रायगढ़ जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग कुमार पटेल के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा के नेतृत्व में जिलेभर में तड़के सुबह एक साथ छापेमार अभियान चलाया गया।

मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं की तस्दीक के बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने जिले के 24 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। इस व्यापक कार्रवाई में 14 वाहन, करीब 120 टन 331 किलो अवैध कबाड़ तथा 4 करोड़ 90 लाख 54 हजार रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति जब्त की गई। साथ ही 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए रिमांड पर भेजा गया है।

ग्राम लाखा में बड़ी बरामदगी

थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाखा में तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो 10 चक्का ट्रक, दो माजदा वाहन, एक बोलेरो वाहन में लोड कबाड़ तथा ग्राम चिराईपानी रोड किनारे स्थित सिकंदर कबाड़ी के गोदाम से 46 टन अवैध कबाड़ जब्त किया। इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

मौके से हाईवा व ट्रक वाहनों में लदे वाहन पार्ट्स, लोहे के पाइप, सरिया, एंगल, खाली सिलेंडर और हाइड्रोलिक मशीनें भी बरामद की गईं।

पूंजीपथरा, पुसौर सहित अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई

पूंजीपथरा पुलिस टीम ने 6 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 3 ट्रक सहित 6 आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से 67 टन अवैध कबाड़ (अनुमानित मूल्य करीब 34 लाख रुपये) जब्त किया गया।

पुसौर क्षेत्र में 3 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे टाटा 710 वाहन और 4 टन से अधिक कबाड़ जप्त किया गया।

इसके अलावा चक्रधरनगर और भूपदेवपुर में 3-3 स्थानों पर, कोतरारोड़ और खरसिया में 2-2 स्थानों पर तथा धरमजयगढ़ और तमनार में 1-1 स्थान पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई की।

पुलिस का सख्त संदेश

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी ने बताया कि संपत्ति संबंधी अपराधों और अवैध कबाड़ कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध कबाड़ के कारोबार पर आगे भी इसी तरह सख्त और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई से जिले में अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन ने पुलिस की इस पहल की सराहना की है।

Chhattisgarh Police

#BharatiyaNyayaSanhita#BhartiyaNagarikSurakshaSanhita#BharatiyaSakshyaAdhiniyam#Bharatiya_Nyaya_Sanhita#Bhartiya_Nagarik_Suraksha_Sanhita#Bharatiya_Sakshya_Adhiniyam

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment