पलारी, 01 अप्रैल 2026 — थाना पलारी पुलिस ने एक गंभीर मामले में कार्रवाई करते हुए युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले आरोपी को उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय गुलशन कश्यप के रूप में हुई है, जो ग्राम दहेली, थाना रेउना, जिला कानपुर नगर का निवासी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की जांच मर्ग क्रमांक 102/2025 के तहत की जा रही थी। जांच, पंचनामा, गवाहों के बयान और तकनीकी विश्लेषण के दौरान यह सामने आया कि आरोपी युवती को उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने की धमकी देकर लगातार प्रताड़ित कर रहा था। आरोपी ने मोबाइल के माध्यम से युवती पर दबाव बनाकर उससे फोन-पे के जरिए ₹60,000 भी वसूल लिए थे।
इसके बावजूद आरोपी की मांगें खत्म नहीं हुईं और वह बार-बार फोन कर युवती से और पैसे की मांग करता रहा। लगातार हो रही इस मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 17 अप्रैल 2025 को चूहे मारने की दवा का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। इलाज के दौरान 22 अप्रैल 2025 को रायपुर में उसकी मृत्यु हो गई।
इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में थाना पलारी पुलिस टीम ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 66/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को कानपुर से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने युवती को धमकाकर पैसे वसूले और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिससे तंग आकर युवती ने यह कदम उठाया।
फिलहाल आरोपी को 31 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।