कवर्धा, 16 फरवरी 2026। कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध सट्टा गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कवर्धा क्षेत्र में दो अलग-अलग प्रकरणों में दो महिला सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संचालित सट्टा नेटवर्क का भी खुलासा किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (IPS) के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में की गई। अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कवर्धा डीएसपी आशीष शुक्ला एवं डीएसपी कृष्ण चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कवर्धा निरीक्षक योगेश कश्यप एवं साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक महेश प्रधान के नेतृत्व में दो अलग-अलग टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई
मुखबिर सूचना पर वार्ड क्रमांक 01 शिवाजी कॉलोनी कवर्धा निवासी नंदनी उर्फ नीलू गुप्ता (42 वर्ष) को अपने घर के सामने अंकों पर सट्टा खिलाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से सट्टा-पट्टी, नगद राशि एवं पेन जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
दूसरी कार्रवाई
वार्ड क्रमांक 05 लोहाराना दीवारपारा कवर्धा निवासी पूजा बांधेकर (28 वर्ष) को भी अलग प्रकरण में सट्टा गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर गिरफ्तार किया गया। उसके विरुद्ध पृथक अपराध दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।
व्हाट्सएप ग्रुप से चल रहा था नेटवर्क
जांच में सामने आया है कि दोनों महिला आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर खाईवाली के माध्यम से सट्टा संचालन कर रही थीं। पुलिस को सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी मिली है, जिनकी पतासाजी जारी है। जल्द ही अन्य संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का सख्त संदेश
कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में सट्टा-जुआ, ऑनलाइन सट्टेबाजी एवं अन्य अवैध धंधों को किसी भी स्थिति में पनपने नहीं दिया जाएगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोग तत्काल अपने कृत्य बंद करें, अन्यथा कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने यह भी आश्वस्त किया है कि अवैध गतिविधियों की सूचना देने वाले नागरिकों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।