रायगढ़ । 25 दिसंबर। जूटमिल थाना क्षेत्र के गढ़उमरिया पेट्रोल पंप के पास 22 दिसंबर की शाम हुई ₹2 लाख 40 हजार की नगदी झपटमारी के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 48 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने झपटमारी की रकम और घटना में प्रयुक्त कार के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पीड़ित जशमन लकड़ा (42 वर्ष), निवासी चिराईखार थाना लैलूंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिचित प्यारेलाल कुर्रे से एक पुराना पिकअप वाहन ₹2,40,000 में खरीदने रायगढ़ आया था। 22 दिसंबर को प्यारेलाल के कहने पर वह नगद रकम बैग में लेकर अपने बेटे और भाई के साथ गढ़उमरिया पेट्रोल पंप पहुंचा। इसी दौरान पहले से योजना बनाकर बैठे आरोपियों ने बलपूर्वक उसका बैग छीना और आर्टिका कार से मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जूटमिल प्रशांत राव के नेतृत्व में थाना जूटमिल पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर टीम ने सक्ती जिले में दबिश देकर तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी प्यारेलाल कुर्रे ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों किशन जांगड़े और संतोष महतो के साथ मिलकर झपटमारी की साजिश रची थी। आरोपियों ने झपटमारी की रकम में से ₹25,000 खर्च कर दिए थे, जबकि शेष राशि आपस में बांट ली गई थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹2,02,000 नगद और घटना में प्रयुक्त आर्टिका कार क्रमांक CG-13-BG-4568 जब्त की है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 443/2025 के तहत धारा 304(2) और 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, रामनाथ बनर्जी, वीरेंद्र भगत, आरक्षक लखेश्वर पुरसेठ, शशिभूषण साहू तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेश पटेल, बृजलाल गुज्जर, आरक्षक प्रशांत पण्डा और पुष्पेंद्र जाटवर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
#JutmillPolice #RaigarhNews #ChhattisgarhPolice #CrimeNews #SnatchingCase #BharatiyaNyayaSanhita #BhartiyaNagarikSurakshaSanhita #BharatiyaSakshyaAdhiniyam