अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

BIRENDRA KUMAR SEN

March 10, 2026

अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से गांजा तस्करी कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा: जिले की अकलतरा पुलिस को नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जो ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की फिराक में थे। आरोपियों के पास से 4 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।

​मिली जानकारी के अनुसार, 8 मार्च 2026 को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक रेलवे स्टेशन के पास काले रंग के बैग में भारी मात्रा में मादक पदार्थ रखे हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर की घेराबंदी की।

​पुलिस की पकड़ में आए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  1. तरूण सेन (24 वर्ष): पिता अशोक सेन, निवासी ग्राम रावणभाठा, जिला गरियाबंद।
  2. प्रतीक मिश्रा (21 वर्ष): पिता सोमनाथ मिश्रा, निवासी बिरगांव (थाना उरला), जिला रायपुर।

​पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा के बेलपहाड़ से लेकर आ रहे थे।

​पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पैकेट में रखा कुल 4 किलो गांजा जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 129/2026, धारा 20(B) NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

​इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, आरक्षक गौकरण राय, राजारात्रे, राज पांडे सहित रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान आरक्षक आर.पी. द्विवेदी, सत्यम सरकार और रणवीर का विशेष योगदान रहा।

Share this content:

Leave a Comment