सकरी में “बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट” कार्यक्रम आयोजित, बच्चों ने कबाड़ से बनाए आकर्षक गमले

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

April 11, 2026

सकरी, 11 अप्रैल 2026।
डी. ए. व्ही. मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल सकरी, बलौदा बाज़ार में शनिवार को “बेस्ट आउट ऑफ़ वेस्ट” विषय पर आधारित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में LKG से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सृजनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों ने घर की अनुपयोगी वस्तुओं जैसे प्लास्टिक बोतल, टिन डिब्बे एवं पुराने बर्तनों का उपयोग कर आकर्षक गमले तैयार किए। नन्हे बच्चों ने जहां अपनी कल्पनाशक्ति से मनमोहक गमले बनाए, वहीं वरिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने सजावटी गमलों में पौधे लगाकर विद्यालय परिसर में प्रदर्शित किए।
इस दौरान शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पुनः उपयोग और स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने बच्चों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक उपस्थित रहे। साथ ही जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि श्री योगेश वर्मा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा सक्सेना ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना का भी विकास करती हैं।
कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उत्कृष्ट कार्यों की प्रशंसा के साथ किया गया।

प्रबंध संपादक (Managing Editor)

Share this content:

Leave a Comment