NH-353 पर बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण तेज, नवंबर तक पूरा होने का लक्ष्य

SARJU PRASAD SAHU

March 31, 2026

महासमुंद। 31 मार्च 2026  जिले में आधारभूत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बेलसोंडा में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित हो जाएगी।

ओवरब्रिज निर्माण के लिए 52.29 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति 30 जुलाई 2024 को मिली थी। ब्रिज NH की अधिकारी श्रीमती कोकिला राव के अनुसार, 1.23 किलोमीटर लंबे इस टू-लेन ओवरब्रिज का कार्य तय समयसीमा के भीतर तेजी से किया जा रहा है।

परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर 72 मीटर स्पान के बो-स्ट्रिंग गर्डर का फेब्रिकेशन और लॉन्चिंग कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और अब तक लगभग 50 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूरी हो चुकी है। फाउंडेशन और सब-स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो गया है, जबकि आरई वॉल और सुपर-स्ट्रक्चर पर काम जारी है।

इस परियोजना को नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। वर्तमान में उक्त रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन करीब 80 से 100 पैसेंजर और मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे फाटक पर अक्सर लंबा जाम लगता है। ओवरब्रिज बनने के बाद इस समस्या से स्थायी राहत मिलेगी और लोगों का समय बचेगा।

ओवरब्रिज के निर्माण से क्षेत्र में सीधी और सुगम कनेक्टिविटी स्थापित होगी, जिससे न केवल आमजन को यातायात सुविधा मिलेगी, बल्कि महासमुंद जिले के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment