रोहांसी।
आज 26 जनवरी को शाम लगभग 8 बजे नगर पंचायत रोहांसी के शहरी क्षेत्र में तीन भालू देखे जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। भालुओं के रिहायशी क्षेत्र में विचरण करने की सूचना मिलते ही नागरिकों में भय का माहौल बन गया। घटना से संबंधित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोटवार द्वारा मुनादी कर नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की गई। मुनादी के दौरान लोगों से रात्रि के समय घरों से बाहर न निकलने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने के साथ-साथ खेत-खार की ओर जाने से भी मना किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। कोटवार की मुनादी का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सूत्रों के अनुसार भालुओं की मौजूदगी की जानकारी प्रशासन को दी जा रही है। नगर पंचायत एवं वन विभाग के संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर भालुओं को सुरक्षित रूप से जंगल क्षेत्र की ओर खदेड़े।
फिलहाल क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है और नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और शीघ्र ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।