बया | 30 जनवरी 2026 समाधान सेल में प्राप्त सूचना के आधार पर बया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने चारपहिया वाहन में धारदार चाकू रखकर घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक चाकू, ₹5000 नगद, एक मोबाइल फोन तथा टाटा एस वाहन (क्रमांक CG06 GX 0354) जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में आमजन की शिकायतों और अपराध संबंधी सूचनाओं के त्वरित निराकरण हेतु शुरू की गई महत्वाकांक्षी योजना “समाधान सेल” लगातार प्रभावी साबित हो रही है। समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।
इसी क्रम में 30 जनवरी 2026 को समाधान सेल में सूचना मिली कि पिथौरा (जिला महासमुंद) के रहने वाले दो युवक कबाड़ बीनने/बेचने के बहाने अपने चारपहिया वाहन में धारदार चाकू रखकर बया क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही चौकी बया पुलिस टीम ने ग्राम बया में बया से ग्राम नरधा जाने वाले तिराहे पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। वाहन की तलाशी के दौरान आरोपियों से चाकू, ₹5000 नगद, एक मोबाइल फोन तथा टाटा एस वाहन बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 10/2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तारी की है। आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
रामसाय देवार (उम्र 27 वर्ष), निवासी पिथौरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद
आकाश देवार (उम्र 25 वर्ष), निवासी पिथौरा, थाना पिथौरा, जिला महासमुंद
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराध या शिकायत की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन पर तत्काल साझा करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।