बलौदाबाजार: अवैध रेत परिवहन पर प्रशासन का डंडा, कसडोल में 3 ट्रैक्टर जब्त
बलौदाबाजार/कसडोल | 3 अप्रैल 2026 जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने अपनी सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के कड़े निर्देश के बाद राजस्व विभाग की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को कसडोल तहसील क्षेत्र में अवैध रूप से रेत ले जाते हुए तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है।
यह बड़ी कार्रवाई एसडीएम रामरतन दुबे और तहसीलदार विवेक पटेल के नेतृत्व में की गई। प्रशासन को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना किसी वैध अनुमति के बड़े पैमाने पर रेत का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही टीम ने योजनाबद्ध तरीके से छापामार कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई के दौरान टीम ने रेत से लदे तीन ट्रैक्टरों को रोका और चालकों से जरूरी दस्तावेज मांगे। वैध दस्तावेज और रॉयल्टी पर्ची उपलब्ध नहीं होने पर प्रशासन ने तत्काल तीनों वाहनों को अपनी हिरासत में ले लिया।
”अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। शासन के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
— प्रशासनिक टीम, कसडोल
जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कसडोल में सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।