एबीवीपी में आयुष कुमार शर्मा को बड़ी जिम्मेदारी कोरबा के छात्र नेता बने छत्तीसगढ़ प्रदेश सह मंत्री

TEJASWI NATH SONI

December 22, 2025

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 58वें छत्तीसगढ़ प्रदेश अधिवेशन में नई प्रदेश कार्यसमिति की घोषणा की गई, जिसमें कोरबा जिले के दीपका निवासी सक्रिय छात्र नेता आयुष कुमार शर्मा को संगठन का छत्तीसगढ़ प्रदेश सह मंत्री नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति कोरबा जिले के लिए गौरव का विषय मानी जा रही है, क्योंकि आयुष शर्मा इस पद पर पहुंचने वाले जिले के पहले छात्र नेता हैं।

प्रदेश अधिवेशन के दौरान संगठन की भावी कार्ययोजना और छात्र हितों से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई। इसी क्रम में संगठन ने आयुष कुमार शर्मा पर भरोसा जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा। साथ ही उन्हें रायगढ़ विभाग का विभाग संयोजक भी पुनः नियुक्त किया गया है। रायगढ़ विभाग के अंतर्गत कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, सक्ती और सारंगढ़ जिले शामिल हैं।

आयुष कुमार शर्मा की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी सशक्त रही है। उन्होंने बी.कॉम. की पढ़ाई पूर्ण कर ली है और वर्तमान में एलएलबी के छात्र हैं। वे वर्ष 2018 से एबीवीपी से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। संगठन में उन्होंने कॉलेज अध्यक्ष, जिला संयोजक, प्रांत कार्यसमिति सदस्य सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है।

उनकी इस नियुक्ति से कोरबा सहित पूरे रायगढ़ विभाग के छात्र कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और छात्रों ने आयुष कुमार शर्मा को बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि वे छात्र हितों, शिक्षा व्यवस्था और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर संगठन को नई दिशा देंगे।

आयुष शर्मा ने इस अवसर पर संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करेंगे तथा छात्रों की आवाज को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment