बलौदाबाजार ।16 जनवरी 2026 कलेक्टर दीपक सोनी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लवन तथा शासकीय हाई स्कूल खिलोरा में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को एनीमिया से बचाव, उनके अधिकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सशक्तिकरण और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही बाल विवाह की रोकथाम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न, सोशल मीडिया पर पोस्ट/इंफोग्राफिक्स के दुष्प्रभावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर विभागीय योजनाओं एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी प्रदान की गई, जिनमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 181, सखी वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पालना योजना, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 तथा घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम 2005 प्रमुख रहे।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक प्रीति नवरत्न, कौशिल्या सोनवानी, सुश्री नम्रता साहू सहित विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें उनके अधिकारों व उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना रहा।