
रिपोर्टर टेकराम कोसले
बलौदाबाजार, 26 मार्च 2026/ जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग की सतर्कता एक बार फिर देखने को मिली है। 11 केवी विद्युत लाइन में हुकिंग कर करंटयुक्त तार का जाल बिछाकर वन्य प्राणियों के शिकार की कोशिश को विभाग ने समय रहते नाकाम कर दिया। एंटी पॉचिंग टीम ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देश पर मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 24 मार्च 2026 की रात वन विभाग की एंटी पॉचिंग टीम ने अकलतरा परिसर (कक्ष क्रमांक 120) में छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान ग्राम अकलतरा निवासी दयाराम एवं छबिलाल को मौके पर पकड़ा गया।
जांच में पाया गया कि आरोपियों द्वारा 11 केवी विद्युत लाइन से अवैध हुकिंग कर करंटयुक्त तार बिछाया गया था, जिससे वन्यजीवों का शिकार किया जा सके। मौके से कत्तल, छूरी सहित अन्य शिकार सामग्री भी बरामद की गई है।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 (संशोधित) के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि वन विभाग द्वारा लगातार एंटी स्नेयर वॉक, नियमित गश्त और निगरानी के कारण इस तरह की घटनाओं को समय रहते रोका जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वन्यजीवों के संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल विभाग को दें।