Assam: असम के गुवाहाटी से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ की पुलिस ने पाकिस्तान के वरिष्ठ पत्रकार नजम सेठी, जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपराज्यपाल और दिवंगत नेता सत्यपाल मलिक समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इन लोगों ने अपने लेखों और इंटरव्यू के जरिए भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को कमजोर करने वाली बातें कही हैं।
किसने दर्ज कराई FIR?
यह एफआईआर गुवाहाटी के रहने वाले बीजू वर्मा ने दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस से शिकायत में कहा कि ऑनलाइन न्यूज पोर्टल द वायर (The Wire) पर प्रकाशित लेखों और इंटरव्यू में ऐसी सामग्री है, जो न केवल देश की सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देती है, बल्कि समाज में दुश्मनी और अव्यवस्था फैलाने का भी काम करती है।
एफआईआर 9 मई को दर्ज की गई थी। इसमें पाकिस्तानी पत्रकार नजम सेठी, दिवंगत सत्यपाल मलिक के अलावा, जाने-माने पत्रकार सिद्धार्थ वरदराजन, करन थापर और आशुतोष भारद्वाज के नाम भी शामिल हैं। इसके साथ ही एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
क्या हैं आरोप?
शिकायतकर्ता बीजू वर्मा का कहना है कि पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद द वायर पर कुछ लेख और इंटरव्यू प्रकाशित किए गए। इनमें ऐसी बातें कही गईं, जिनसे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत होता है कि भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को कमजोर करने का प्रयास किया गया है।
इसके अलावा, एफआईआर में आरोप लगाया गया है कि—
-
इन बयानों और लेखों ने समाज में दुश्मनी बढ़ाने का काम किया।
-
देश में अव्यवस्था फैलाने और झूठी जानकारी प्रसारित करने का प्रयास किया गया।
-
राष्ट्रीय हितों को नुकसान पहुँचाने वाली बातें जानबूझकर प्रसारित की गईं।
