श्री रणेश्वर बाबा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर समाजजनों से सहभागिता की अपील

SARJU PRASAD SAHU

March 22, 2026

रायपुर छत्तीसगढ़। श्री श्री श्री रणेश्वर रामचण्डी चरणे शरणम् के पावन उद्घोष के साथ बाबा बिसासहे कुल कोलता समाज, रायपुर द्वारा निर्मित श्री रणेश्वर बाबा मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। इस ऐतिहासिक अवसर पर जिला पंचायत सदस्य मोक्ष कुमार प्रधान ने समस्त समाजजनों को बधाई देते हुए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

मोक्ष कुमार प्रधान ने अपने संदेश में कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज की आस्था, परंपरा, एकता और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह मंदिर समाज के सामूहिक प्रयासों और अटूट विश्वास का परिणाम है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कार, धर्म और पहचान का केंद्र बनेगा।

उन्होंने समाज के वरिष्ठजन, मातृशक्ति और युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि सभी लोग इस पावन कार्य में तन, मन और धन से योगदान दें। तन से सेवा और श्रम, मन से श्रद्धा और सकारात्मक भाव, तथा धन से अपनी सामर्थ्य अनुसार सहयोग देकर इस पुण्य कार्य में सहभागी बनें।

उन्होंने आगे कहा कि जब पूरा समाज एकजुट होकर कार्य करता है, तो हर लक्ष्य सहज ही प्राप्त हो जाता है। यह प्राण प्रतिष्ठा समारोह न केवल मंदिर की स्थापना है, बल्कि समाज की एकता, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का उत्सव भी है।

अंत में उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें और अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएं।

जय श्री रणेश्वर बाबा जय मां रामचण्डी जय कोलता समाज।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment