रोहांसी परिक्षेत्र में साहू समाज की अपील, शांति व हर्षोल्लास से मनाएं होली

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 1, 2026

साहू समाज रोहांसी परिक्षेत्र के अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने समस्त क्षेत्रवासियों से होली पर्व को शांति, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें पुराने मतभेद भुलाकर एक-दूसरे को गले लगाने और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

अध्यक्ष उमाशंकर साहू ने विशेष रूप से युवाओं से संयमित और मर्यादित व्यवहार अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की जबरदस्ती, नशाखोरी, हुड़दंग या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो, इसका सभी को ध्यान रखना चाहिए। त्योहार की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता और पारस्परिक सम्मान ही किसी भी समाज की असली ताकत होती है।

इस अपील में उपाध्यक्ष सुनहर साहू, सचिव सोनसाय साहू, संगठन सचिव यशपाल साहू, सरपंच भुपेंद्र साहू, डॉ. मनहरण साहू, श्ररवन साहू तथा खेमराम साहू ,मनहरण साहू पूर्व उपसरपंच ने भी समर्थन जताया है। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाई गई होली ही समाज को मजबूती प्रदान करती है।

साहू समाज रोहांसी परिक्षेत्र ने क्षेत्र के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आपसी सहयोग, भाईचारे और सद्भाव की भावना के साथ त्योहार मनाएं। रंगों के इस पावन पर्व पर किसी भी प्रकार की कटुता या वैमनस्य को त्यागकर प्रेम और एकता का संदेश फैलाएं, ताकि पूरा क्षेत्र खुशियों और उल्लास से सराबोर हो सके।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment