जंगली हाथी का एक और हमला: जंगल में लकड़ी बीनने गए बुजुर्ग को हाथी ने कुचला, मौत; वन विभाग ने दी ₹25 हजार की तात्कालिक सहायता

MOTI LAL

February 1, 2026


कसडोल। बार अभ्यारण्य अंतर्गत कोठारी परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 220 में रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक घटना सामने आई। जंगल में लकड़ी बीनने गए एक बुजुर्ग ग्रामीण की हाथी के कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सोनाराम बरिहा (उम्र 62 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के समय वे कोठारी क्षेत्र से छह लोगों के समूह के साथ जंगल गए थे। इसी दौरान अचानक हाथी से सामना हो गया। हाथी को देखते ही समूह की महिलाएं वहां से लौट आईं और तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान पाया गया कि सोनाराम बरिहा की हाथी के कुचलने से मृत्यु हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां वन विभाग की टीम मौजूद रही।
इस संबंध में कोठारी रेंजर जीवन लाल साहू ने बताया कि विभाग द्वारा मृतक के परिजनों को अंत्येष्टि कार्य हेतु ₹25,000 की तात्कालिक आर्थिक सहायता प्रदान कर दी गई है। साथ ही शासन की ओर से मिलने वाली शेष मुआवजा राशि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रधान संपादक

Share this content:

Leave a Comment