शासकीय प्राथमिक शाला बिलखंड में धूमधाम से मनाया गया वार्षिक उत्सव, शहीदों को दी गई श्रद्धांजलि

SARJU PRASAD SAHU

February 16, 2026

बसना। विकासखंड बसना अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला बिलखंड में वार्षिक उत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र की लोकप्रिय जनप्रतिनिधि एवं चतुरी नंद मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ विधायक प्रतिनिधि रामेश पटेल, ग्राम पंचायत के सरपंच भानु प्रताप पटेल, उपसरपंच फगुलाल बरिहा, बीईओ, वीआरसी, समन्वयक, शाला के प्रधान पाठक विजय कुमार धृतलहरे, सहायक शिक्षक शांभुसिंह पारेश्वर, एसएमसी अध्यक्ष अभ्यास भोई, उपाध्यक्ष कुंजराम यादव सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामवासी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। इस अवसर पर हाल ही में हुए पोलवा हमले में शहीद वीर जवानों की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। समस्त उपस्थितजनों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के प्रति अपनी संवेदना एवं सम्मान प्रकट किया। पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से ओतप्रोत नजर आया।

अपने संबोधन में विधायक श्रीमती चतुरी नंद ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही बच्चे के भविष्य की मजबूत आधारशिला होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और संस्कारों के साथ शिक्षा ग्रहण करने की प्रेरणा दी। साथ ही विद्यालय परिवार द्वारा संचालित शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, लघु नाटक एवं कविताओं की प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नन्हे विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच संचालन कौशल की सभी ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

कार्यक्रम के अंत में शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। अतिथियों का आभार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय परिवार ने सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। सफल आयोजन से विद्यालय एवं ग्राम समुदाय में उत्साह और गर्व का वातावरण देखने को मिला।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment