छुरा / गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ कलार समाज परिक्षेत्र छुरा का वार्षिक अधिवेशन रविवार को ग्राम टेंगनाबासा में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत समाज के इष्टदेव भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुनदेव जी की पूजा-अर्चना के साथ की गई। इसके पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों एवं सामाजिक बंधुओं का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कलार समाज के जिला अध्यक्ष अवधराम सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने समाज को संबोधित करते हुए एकता, अनुशासन और सामाजिक मर्यादाओं के पालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।
अधिवेशन के दौरान छुरा परिक्षेत्र के ग्राम प्रमुखों का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इसके बाद समाज के पदाधिकारियों द्वारा वर्ष भर के आय-व्यय का विवरण समाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा आगामी कार्ययोजनाओं एवं प्रमुख सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
गरियाबंद जिला के लिए पारित प्रमुख नियम, बैठक में पूर्व में बनाए गए जिला स्तरीय नियमों को सभी के समक्ष रखा गया,
जिनमें प्रमुख बिंदु इस प्रकार है-
1. सगाई एवं विवाह संबंधी नियम:
सगाई में वरमाला पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
सगाई उपरांत एवं विवाह पूर्व वर-वधु द्वारा किसी प्रकार का छायाचित्र (प्री-वेडिंग शूट) नहीं कराया जाएगा।
सगाई एवं विवाह समारोह में केक काटने पर प्रतिबंध रहेगा।
सगाई एवं विवाह की सूचना ग्राम प्रमुखों को अनिवार्य रूप से देना होगा।
2. छठी कार्यक्रम संबंधी नियम:
सामान्य प्रसव की स्थिति में शिशु जन्म के 6 दिवस के भीतर छठी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
शल्य चिकित्सा (ऑपरेशन) से प्रसव होने की स्थिति में 2 माह के भीतर छठी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त भी समाज द्वारा अन्य अनुशासनात्मक नियम बनाए गए, जिनका पालन सभी सामाजिक बंधुओं से अपेक्षित है।
पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर असमंजस,
अधिवेशन में छुरा परिक्षेत्र के अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के चुनाव का मुद्दा भी चर्चा का विषय रहा। हालांकि कई सामाजिक बंधुओं ने बिना चुनाव प्रक्रिया के सर्वसम्मति से पदाधिकारियों के चयन का सुझाव दिया।
अध्यक्ष पद के लिए वर्तमान अध्यक्ष शिवलाल सिन्हा एवं मानसिंह सिन्हा दोनों ने दावेदारी प्रस्तुत की है। वर्तमान अध्यक्ष शिवलाल सिन्हा ने समाज से एक और अवसर देने का आग्रह किया, वहीं मानसिंह सिन्हा ने भी समाज को आगे बढ़ाने के लिए एक मौका देने की अपील की।
अब देखना यह होगा कि कलार समाज छुरा परिक्षेत्र में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष का चयन सर्वसम्मति से होगा या चुनाव प्रक्रिया के माध्यम से। फिलहाल इस विषय को लेकर समाज में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कलार समाज परिक्षेत्र छुरा के वार्षिक अधिवेशन में जिलाध्यक्ष अवधराम सिन्हा, संरक्षक दिनुराम सिन्हा, डायमंड सिन्हा खोमन सिन्हा, शिवलाल, सिन्हा, हरिराम सिन्हा, गोसाईं राम सिन्हा, हेमन्त सिन्हा, मानसिंह सिन्हा, कुलेश्वर सिन्हा, गुलशन सिन्हा, उत्तम सिन्हा, नारायण सिन्हा, मोहेन्द्र सिन्हा, मिथलेश सिन्हा, रमेश सिन्हा, मातृशक्ति में नरबदिया बाई सिन्हा, कुन्ती सिन्हा, टिकेश्वरी सिन्हा, परनिया सिन्हा, साथ ही अधिक संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।