
पलारी।महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार, 20 जनवरी 2026 को नगर भवन पलारी में *आंगनबाड़ी शिक्षिका मेला – “सपनों की उड़ान”* का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की आंगनबाड़ी शिक्षिकाओं और सहायिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मेले का उद्देश्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नवाचार, प्रारंभिक शिक्षा और बाल विकास से जुड़े नए प्रयोगों से जोड़ना रहा। इस अवसर पर शिक्षिकाओं ने अपने-अपने स्टाल लगाए, जिनमें बच्चों के लिए तैयार की गई शिक्षण सामग्री, बाल विकास मॉडल, स्थानीय हस्तकला और रचनात्मक गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। स्टालों ने कम लागत में प्रभावी शिक्षण के तरीकों को भी सामने रखा।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव मजबूत करती हैं। ऐसे आयोजन अनुभव साझा करने के साथ कार्यकुशलता बढ़ाने में सहायक होते हैं। मेले को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।