रायपुर। D.Ed अभ्यर्थियों के अधिकारों के समर्थन और सरकार को ‘मोदी की गारंटी’ की याद दिलाने के उद्देश्य से आज अजीत जोगी युवा मोर्चा के वरिष्ठ नेता श्री अमित जोगी तूता धरना स्थल पहुंचे और आमरण अनशन पर बैठे D.Ed साथियों के साथ अनशन में सहभागी बने।
तूता धरना स्थल पर पिछले 18 दिनों से जारी आमरण अनशन के चलते D.Ed अभ्यर्थियों की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। अब तक 120 से अधिक अभ्यर्थी अस्वस्थ होकर अस्पताल में भर्ती कराए जा चुके हैं। यह आंदोलन अब केवल मांगों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह हजारों युवाओं के भविष्य और अस्तित्व का गंभीर प्रश्न बन चुका है।
अनशन में शामिल होते हुए श्री अमित जोगी ने कहा कि वर्षों से लंबित मांगों, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती और न्यायसंगत निर्णय की मांग पूरी तरह संवैधानिक और जायज़ है। सरकार को चाहिए कि वह इस आंदोलन को राजनीतिक दृष्टि से नहीं, बल्कि संवेदनशील मानवीय दृष्टिकोण से देखे।
अजीत जोगी युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील बंजारे ने कहा कि सरकार को ‘मोदी की गारंटी’ को केवल कागज़ों तक सीमित न रखकर ज़मीनी स्तर पर लागू करना चाहिए। यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि
D.Ed साथियों के साथ यह संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक उन्हें उनका अधिकार और सम्मान नहीं मिल जाता।