सक्ति/मालखरौदा। जिले के मालखरौदा जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े मुड़पार में जन सूचना अधिकारी एवं सचिव कृष्ण कुमार चंद्रा पर सूचना के अधिकार (RTI) कानून के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगे हैं। आरटीआई कार्यकर्ता ने आरोप लगाया है कि एक से दो माह बीत जाने के बावजूद मांगी गई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई, बल्कि बार-बार गुमराह किया जा रहा है।
आवेदक के अनुसार, सचिव द्वारा उन्हें दस्तावेजों के अवलोकन के लिए पंचायत भवन बुलाया गया, जहां एक घंटे तक निशुल्क अवलोकन की बात कही गई और इसके बाद शुल्क लेने की जानकारी दी गई। आवेदक ने शुल्क देने की सहमति भी जताई, लेकिन जब भी वह पंचायत भवन पहुंचते हैं, वहां ताला लगा रहता है और सचिव अनुपस्थित रहते हैं। फोन करने पर भी संपर्क नहीं हो पाता।
मुख्यालय दिवस पर भी बंद रहता है पंचायत भवन।
ग्रामीणों और स्कूली बच्चों ने भी बताया कि पंचायत भवन अक्सर बंद रहता है और सचिव कभी-कभार ही उपस्थित होते हैं। यहां तक कि मुख्यालय दिवस के दिन भी पंचायत कार्यालय में ताला लगे रहने की बात सामने आई है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
15वें वित्त की राशि पर उठे सवाल।
आरटीआई कार्यकर्ता ने 15वें वित्त आयोग की राशि से जुड़े आय-व्यय, रोकड़ बही, पंचायत प्रस्ताव, बिल-वाउचर आदि की सत्य प्रतिलिपि की मांग की है। बावजूद इसके जानकारी नहीं दी जा रही है, जिससे पंचायत में वित्तीय अनियमितताओं की आशंका जताई जा रही है।
जिला पंचायत सीईओ से शिकायत की तैयारी।
आवेदक ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई तो वह जिला पंचायत सीईओ को शिकायत पत्र भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग करेंगे।
इस पूरे मामले ने पंचायत स्तर पर पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।