कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका में विकास कार्यों के नाम पर कथित अनियमितताओं का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शहर में स्ट्रीट लाइट, खंभा (पोल) और केबल वायर लगाने के लिए जारी करीब 84 लाख रुपये के टेंडर में भारी भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री उपयोग किए जाने के आरोप सामने आए हैं। इस मुद्दे पर अब स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ युवा कांग्रेस भी खुलकर विरोध में उतर आई है।
घटिया सामग्री उपयोग के आरोप
शिकायत के अनुसार, दीपका नगर पालिका क्षेत्र में लगाए जा रहे पोल और केबल वायर की गुणवत्ता बेहद निम्न स्तर की बताई जा रही है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद थर्ड ग्रेड सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे न केवल सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है, बल्कि भविष्य में हादसों की आशंका भी बढ़ सकती है।
पार्षद ने मुख्य सचिव से की शिकायत
वार्ड क्रमांक 1 के पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल ने इस मामले को गंभीर बताते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को औपचारिक शिकायत भेजी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि टेंडर प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है और जनता के टैक्स के पैसे का दुरुपयोग हो रहा है।
युवा कांग्रेस ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। युवा कांग्रेस प्रदेश कमेटी के प्रदेश सचिव तनवीर अहमद ने इस कार्य की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह पूरे दीपका की जनता के अधिकारों का मामला है और यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस नगर पालिका का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी।
मुख्य मांगें
84 लाख के स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच हो
घटिया सामग्री सप्लाई करने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो
वर्तमान कार्य को रोककर मानक गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए