अखिल भारतीय बाघ आकलन 2026 की शुरुआत बलौदाबाजार वनमंडल में 13 से 21 जनवरी तक होगा सर्वेक्षण

SARJU PRASAD SAHU

January 13, 2026

 

बलौदाबाजार। 13 जनवरी 2026  बलौदाबाजार वनमंडल के सभी परिक्षेत्रों में “अखिल भारतीय बाघ आकलन 2026” के तहत सर्वेक्षण कार्य मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। यह सर्वे 13 से 21 जनवरी 2026 तक निर्धारित वैज्ञानिक पद्धतियों के अनुसार संचालित किया जाएगा।

 

वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देशानुसार तथा अधीक्षक, बारनवापारा अभ्यारण्य, श्री कृष्णानु चन्द्राकार के नेतृत्व में आयोजित इस सर्वेक्षण का मुख्य उद्देश्य बाघ एवं अन्य प्रमुख वन्यजीव प्रजातियों की उपस्थिति, उनके आवासीय संकेतों तथा जैव विविधता संबंधी आंकड़ों का व्यवस्थित व वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण करना है। इससे भविष्य में वन्यजीव संरक्षण, प्रबंधन रणनीतियों और दीर्घकालिक संरक्षण योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

सर्वेक्षण कार्य में बलौदाबाजार वनमंडल के सभी परिक्षेत्र अधिकारी, प्रशिक्षु एसीएफ, प्रशिक्षु वनक्षेत्रपाल, वनकर्मी एवं फील्ड स्टाफ सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं। सर्वे की गुणवत्ता और व्यापकता बढ़ाने के लिए गुरुघासी दास विश्वविद्यालय, बिलासपुर और शासकीय महाविद्यालय, लवन के स्वयंसेवक भी इसमें शामिल हो रहे हैं।

सर्वेक्षण के दौरान निर्धारित ट्रांजेक्ट रूट पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष संकेतों के आधार पर रिकॉर्डिंग, डेटा संग्रहण, मैपिंग और रिपोर्टिंग की प्रक्रिया अपनाई जाएगी, ताकि क्षेत्रवार सटीक और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त हो सकें। यह पहल न केवल वन्यजीव संरक्षण को मजबूती प्रदान करेगी, बल्कि अभ्यारण्य और वन क्षेत्रों के प्रबंधन में भी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment