बलौदाबाजार । 14 जनवरी 2026 शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने एवं अवैध धान के भंडारण व खपाने पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने रसेडा समिति और ग्राम खैरी में अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए धान जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रसेडा समिति में एक किसान द्वारा अवैध रूप से धान खपाने का प्रयास किया जा रहा था। जांच टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 24 क्विंटल अवैध धान बरामद किया, जिसे ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया है। संबंधित किसान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसका रकबा समर्पण भी कराया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की पुनरावृत्ति न हो।
इसी प्रकार ग्राम खैरी में कृषक रविन्द्र नेताम द्वारा 16 जनवरी 2026 के लिए 81 क्विंटल धान विक्रय हेतु टोकन कटवाया गया था। प्रशासनिक टीम द्वारा जब किसान के घर जाकर भौतिक सत्यापन किया गया, तो वहां धान का कोई भी भंडार उपलब्ध नहीं पाया गया। घर में धान का स्टॉक शून्य होने के बावजूद बड़ी मात्रा में टोकन कटवाना अवैध धान खपाने की मंशा को दर्शाता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों ने तत्काल पंचनामा तैयार किया तथा संबंधित समिति को किसान का रकबा समर्पण करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि धान खरीदी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी, अनियमितता या बिचौलियों का सहयोग करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम किसानों से भी अपील की है कि वे नियमानुसार ही धान विक्रय करें और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि से दूर रहें।