बलौदाबाजार में एलपीजी पर प्रशासन सख्त, कालाबाजारी पर कार्रवाई की चेतावनी

TOSHAN PRASAD CHOUBEY

March 11, 2026


बलौदाबाजार, 11 मार्च 2026। जिले में घरेलू एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने एलपीजी वितरकों के साथ बैठक कर साफ चेतावनी दी है कि उपभोक्ताओं को रसोई गैस तय कीमत पर और बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराई जाए। यदि कहीं भी गैस की कृत्रिम कमी, कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिली तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त जिला कार्यालय में हुई बैठक में कलेक्टर ने जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी एजेंसी में शॉर्टेज की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने वितरकों से कहा कि एलपीजी के भंडारण और वितरण का पूरा रिकॉर्ड नियमित रूप से संधारित रखें और जरूरत पड़ने पर विभागीय अधिकारियों को तुरंत उपलब्ध कराएं।

कलेक्टर ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि कंपनियों के साथ समन्वय बनाकर होटल, ढाबों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी गैस की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में इंडियन ऑयल और हिंदुस्तान ऑयल कंपनी के कुल 22 एलपीजी वितरक काम कर रहे हैं। वितरकों ने प्रशासन को बताया कि फिलहाल जिले में घरेलू एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है और कहीं कोई समस्या नहीं है। कमर्शियल गैस की आपूर्ति भी समन्वय के साथ की जा रही है।

खाद्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एलपीजी आपूर्ति से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गैस वितरण में गड़बड़ी या उपभोक्ताओं से मनमानी करने वालों पर सीधे कार्रवाई की जाएगी।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment