जिले में अपराध नियंत्रण के लिए शुरू की गई समाधान सेल के माध्यम से पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। प्राप्त सूचना के आधार पर भाटापारा शहर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध शराब बेचने वाले एक युवक को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित इस पहल के तहत आम नागरिकों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 29 मार्च को समाधान सेल में मिली सूचना पर पुलिस टीम ने रामसागर वार्ड स्थित बिजली सब स्टेशन के सामने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजीत वैष्णव (उम्र 23 वर्ष), निवासी ग्राम तरेंगा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ₹3000 कीमत के 30 पाव देशी मसाला शराब जब्त किए हैं। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी (क्रमांक CG22 HE 9716) को भी जब्त किया गया है।
आरोपी के खिलाफ थाना भाटापारा शहर में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर व्हाट्सएप या कॉल के माध्यम से साझा करें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।