हथबंद | 31 जनवरी 2026
समाधान सेल हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर थाना हथबंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को नेवधा रोड हथबंद में घेराबंदी कर शराब के साथ रंगे हाथ पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, आज 31 जनवरी 2026 को समाधान सेल में अवैध शराब परिवहन की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना हथबंद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तीन शराब कोचियों को पकड़ा।
आरोपियों के पास से ₹9100 कीमत की 91 पाव देशी मसाला शराब एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त एक सोल्ड स्कूटी जब्त की गई है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना हथबंद में धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में कुलेश्वर चतुर्वेदी (25), हर्ष चतुर्वेदी (23), दोनों निवासी ग्राम छपोरा थाना तिल्दा नेवरा जिला रायपुर तथा भानु महिलांग (32) निवासी ग्राम सोनबरसा थाना भाटापारा ग्रामीण शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में जिले में संचालित समाधान सेल योजना के माध्यम से लगातार अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की जा रही है। किसी भी प्रकार की सूचना या शिकायत समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दी जा सकती है।