शेयर ट्रेडिंग व जमीन सौदे में ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

TEJASWI NATH SONI

February 10, 2026

थाना गिधौरी पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर रकम दुगना करने का झांसा देने एवं जमीन बिक्री के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में आरोपी की पहचान मनोहर लाल साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम अमलीडीह, थाना गिधौरी के रूप में हुई है।

पहला प्रकरण : जमीन बिक्री में धोखाधड़ी

प्रार्थी संतोष कुमार साहू, निवासी वार्ड क्रमांक 05 टुण्डरा, ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि जून 2017 में आरोपी के माध्यम से रायपुर में 2000 वर्गफुट भूमि खरीद का सौदा तय हुआ था। रजिस्ट्री से पूर्व प्रार्थी ने नगद व ऑनलाइन माध्यम से कुल ₹8,11,000 आरोपी को दिए, किंतु आरोपी ने न तो रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस की। इस पर थाना गिधौरी में अपराध क्रमांक 29/2026 धारा 426 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

दूसरा प्रकरण : शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी

दूसरे मामले में आरोपी रामनारायण साहू एवं अन्य के साथ मिलकर शेयर ट्रेडिंग में निवेश कर दो वर्ष में रकम दुगुनी करने का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने की बात सामने आई है। इस संबंध में थाना कसडोल एवं थाना गिधौरी में प्रकरण दर्ज हैं। जांच के दौरान थाना गिधौरी में पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 170/2025 धारा 318(4), 3(5), 111 बीएनएस में आरोपी मनोहर लाल साहू की संलिप्तता पाई गई।

त्वरित कार्रवाई में गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देश पर थाना प्रभारी गिधौरी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने जमीन सौदे में धोखाधड़ी तथा शेयर ट्रेडिंग के नाम पर अन्य आरोपियों के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी को 08 फरवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है।

पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निवेश या संपत्ति सौदों में किसी भी प्रकार के प्रलोभन से सावधान रहें और सत्यापन के बाद ही लेनदेन करें।

District Bureau Chief BALODA BAZAR

Share this content:

Leave a Comment