गरियाबंद, छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि और बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने जिला मुख्यालय के गांधी मैदान में धरना प्रदर्शन कर गरियाबंद स्थित बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि बिजली दर वृद्धि वापस नहीं ली गई, तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष चमन यादव ने कहा कि बिजली सरप्लस राज्य होने के बावजूद सरकार द्वारा बार-बार बिजली दर बढ़ाना जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को जनता पर आर्थिक बोझ डालने के बजाय बिजली उत्पादन और प्रबंधन सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रदेश सचिव एवं महासमुंद जोन सह प्रभारी रुद्रसेन सिन्हा ने कहा कि प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती, स्मार्ट मीटर का दुरुपयोग और खराब प्रबंधन से आम जनता परेशान है। उन्होंने बड़े बकायादारों से लंबित बिजली बिल की वसूली नहीं होने पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार 1 मई 2026 तक कार्रवाई नहीं करती है, तो पार्टी कार्यकर्ता खुद जाकर बकायादारों के कनेक्शन काटेंगे।
टेंडर प्रक्रिया पर उठे सवाल
AAP नेताओं ने हाल ही में लागू नए टेंडर सिस्टम को अव्यवहारिक और जटिल बताते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से अनुभवहीन ठेकेदारों को काम दिया जा रहा है, जिससे कार्यों की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और मरम्मत कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं। पार्टी ने इसे अघोषित बिजली कटौती का प्रमुख कारण बताया।
प्रबंधन को ठहराया जिम्मेदार
पार्टी ने बिजली विभाग के शीर्ष प्रबंधन, विशेषकर एमडी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार खराब प्रबंधन के कारण प्रदेश की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। AAP ने एमडी को हटाने और अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा की मांग की।
AAP की प्रमुख मांगें:
प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि तत्काल वापस ली जाए
बिजली विभाग के एमडी को बदला जाए
टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो
स्मार्ट मीटर व्यवस्था में सुधार किया जाए
अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगे
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष श्रवण यादव, लोकसभा अध्यक्ष महेश यादव, यूथ जिलाध्यक्ष हरीश पटेल, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मोहन सिन्हा, जिला महासचिव नन्द लाल सिन्हा, द्वारवास नेताम, योगेन्द्र यादव, सेवाराम साहू, बलियार सिंह नेगी, ख़ेमसिंह ठाकुर, दलेश्वर नागेश, नवीन गायकवाड़, हुकूमत नायक, तेजराम ध्रुव, ईश्वर पटेल, इरफान खान, जिसान मेमन, सीलन ठाकुर, सरजू राम, मोतीलाल निषाद, झलेंद्र साहू, छत्रपति, जितेंद्र कुमार, परमेश कुमार, तरुण कुमार, नूतन साहू, चौवन लाल नेताम, सीताराम, सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
AAP ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले समय में आम जनता के साथ मिलकर और बड़ा आंदोलन किया।