गरियाबंद:- गरियाबंद जिले के कोचईमुड़ा पिपरछेड़ी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत में महुआ बीनने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया और बुरी तरह लहूलुहान हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुराणिक यादव (लगभग 50 वर्ष) मंगलवार सुबह महुआ बीनने खेत गए थे। इसी दौरान अचानक एक भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और खतरनाक था कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया।
वहीं सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को इलाज के लिए ₹1000 की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भय बना हुआ है। वन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।