
स्व-सहायता समूह की महिलाओं को मिलेगा कौशल विकास का अवसर, प्रशिक्षण से बढ़ेगी स्वरोजगार की राह
डभरा। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में द लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया के बीआरसी प्रोजेक्ट एवं वीटीसी चांपा द्वारा सराहनीय पहल की गई है। कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 नवंबर 2026 को ग्राम पंचायत सराईपाली में स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सामाजिक कार्यकर्ता अनिता घृतलहरे, भाजपा महिला मोर्चा मंडल महामंत्री नीलम साहू एवं ग्राम पंचायत सराईपाली की सरपंच बृज कुमारी आजाद द्वारा किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। ब्यूटी पार्लर से संबंधित प्रशिक्षण प्राप्त कर महिलाएं भविष्य में स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकेंगी और अपनी आय बढ़ाने के साथ परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी योगदान दे सकेंगी।
इस अवसर पर द लेप्रोसी मिशन ट्रस्ट इंडिया के कार्यकर्ता अमिलाल घृतलहरे उपस्थित रहे। वहीं स्व-सहायता समूह की सदस्य सूर्यक्रांति साहू सहित गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
ग्रामीण महिलाओं को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की इस पहल को महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


