भानपुर में जुआ फड़ पर पुलिस की दबिश, 9 जुआरी गिरफ्तार; ₹2.38 लाख की संपत्ति जब्त

SARJU PRASAAD SAHU

November 7, 2026

महासमुंद/बागबाहरा। जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ महासमुंद पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना बागबाहरा पुलिस ने वार्ड नंबर 01 भानपुर में जुआ फड़ पर दबिश देकर 9 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹22,720 नगद, 6 मोबाइल फोन, 5 मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश जब्त की है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत ₹2,38,720 बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि भानपुर तालाब के किनारे बरगद के पेड़ के नीचे कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर थाना बागबाहरा पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे लोगों को पकड़ लिया।

9 जुआरी गिरफ्तार

पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष गोरले (18 वर्ष), राजेंद्र सेट्ठी (28 वर्ष), प्रशांत यदु (30 वर्ष), लेखराम निषाद (30 वर्ष), कौशल ध्रुव (18 वर्ष), मुकेश ठाकुर (18 वर्ष), बसंत शर्मा (31 वर्ष), धनवार साहू (35 वर्ष) और लुमकरण नायक (36 वर्ष) शामिल हैं।

नगदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने जुआ फड़ से नगद ₹22,720, 6 मोबाइल फोन कीमत लगभग ₹51,000, 5 मोटरसाइकिल कीमत लगभग ₹1,65,000 तथा 52 पत्ती ताश जब्त की है। इस तरह कुल जब्त संपत्ति की कीमत ₹2,38,720 बताई गई है।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई

मामले में थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 219/2026 दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है।

महासमुंद पुलिस द्वारा जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment