रवान गांव के मंसा चौक के पास हुआ हादसा, पिता और दो नाबालिग बच्चों ने गंवाई जान; ट्रक चालक गिरफ्तार
बलौदाबाजार, 7 नवंबर 2026। बलौदाबाजार जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम रवान मुख्य मार्ग पर मंसा चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता और उनके दो बच्चों की जान चली गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना 6 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे हुई। ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 और मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 M 1744 के बीच टक्कर हुई। मोटरसाइकिल पर एक ही परिवार के तीन लोग सवार थे। हादसे में तीनों की मौत हो गई।
मृतकों में पिता और दो बच्चे शामिल
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:
1. रामचंद्र ध्रुव, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम खैरताल, थाना भाटापारा ग्रामीण।
2. निहारिका ध्रुव, उम्र 16 वर्ष, पिता रामचंद्र ध्रुव, निवासी ग्राम खैरताल।
3. टोमेश ध्रुव, उम्र 12 वर्ष, पिता रामचंद्र ध्रुव, निवासी ग्राम खैरताल।
डाकघर से पैसे निकालकर लौट रहा था परिवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्य पैसे निकालने के लिए बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस आए हुए थे। वहां से अपने गांव खैरताल लौटते समय रवान गांव के मंसा चौक के पास यह दुर्घटना हो गई।
ट्रक चालक गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चालक को ट्रक सहित थाना भाटापारा ग्रामीण में हिरासत में रखा गया है। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाए गए हैं।
एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।


