बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: बेलगाम ट्रक ने पिता और दो मासूम बच्चों को कुचला, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

SARJU PRASAAD SAHU

November 6, 2026

बलौदाबाजार। जिले में तेज रफ्तार भारी वाहन का कहर देखने को मिला। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रवान मुख्य सड़क मार्ग पर मंसा चौक के पास शुक्रवार 06 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पिता, 16 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र शामिल हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक क्रमांक CG08 AX 6011 और मोटरसाइकिल क्रमांक MP18 M 1744 के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसा इतना भीषण था कि मोटरसाइकिल में सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि मृतक परिवार बलौदाबाजार पोस्ट ऑफिस से पैसे निकालकर अपने गांव खैरताल वापस लौट रहा था। इसी दौरान ग्राम रवान के पास मंसा चौक पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतकों की पहचान

  1. 1. निहारिका ध्रुव, पिता रामचंद्र ध्रुव, उम्र 16 वर्ष।
  2. 2. रामचंद्र ध्रुव, उम्र 39 वर्ष।
  3. 3. टोमेश ध्रुव, पिता रामचंद्र ध्रुव, उम्र 12 वर्ष।

तीनों मृतक ग्राम खैरताल, थाना भाटापारा ग्रामीण क्षेत्र के निवासी थे।

ट्रक चालक गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई जारी

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक सहित आरोपी को थाना भाटापारा ग्रामीण में हिरासत में रखा गया है। वहीं तीनों मृतकों के शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए जिला अस्पताल बलौदाबाजार लाया गया है।

इस हृदयविदारक हादसे ने एक ही परिवार को उजाड़ दिया। पिता और उनके दोनों बच्चों की एक साथ मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment