ऑपरेशन निश्चय: महासमुंद पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 15 लाख के गांजे के साथ पकड़े गए 5 तस्करों के बाद मुख्य सप्लायर भी ओडिशा से गिरफ्तार
महासमुंद। जिले में नशे के अवैध कारोबार और तस्करों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना कोमाखान पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के मुख्य सप्लायर (बैकवर्ड लिंक) को 24 घंटे के भीतर ओडिशा के कंधमाल जिले से धर दबोचा।
पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम और ‘एंड-टू-एंड इन्वेस्टिगेशन’ के तहत लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 11 अक्टूबर को कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन कोमाखान में तीन पुरुष और दो महिलाएं बैग में भारी मात्रा में गांजा लेकर ट्रेन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस ने त्वरित घेराबंदी कर सभी पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 30.160 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत लगभग 15 लाख 8 हजार रुपये), तीन मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 15 लाख 48 हजार 190 रुपये की संपत्ति जब्त की गई। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी यह खेप ओडिशा के बालीगुड़ा से लेकर गुजरात के भावनगर में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 183/2026, धारा 20(B)(II)(C), 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
तकनीकी विश्लेषण से मुख्य सप्लायर तक पहुंची पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और जब्त मोबाइलों के तकनीकी व डेटा एनालिसिस के आधार पर पुलिस गांजे के मुख्य स्रोत तक पहुंच गई। मामले में ओडिशा के सप्लायर गोदावरी नायक की संलिप्तता सामने आते ही महासमुंद पुलिस की टीम ने ओडिशा में दबिश दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी गोदावरी नायक को कंधमाल जिले से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी (गांजा सप्लायर):
- गोदावरी नायक (52 वर्ष), निवासी गोईबाली, थाना बालीगुड़ा, जिला कंधमाल (ओडिशा)।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी (परिवहनकर्ता – सभी निवासी भावनगर, गुजरात):
- अमीत भाई सोलंकी (25 वर्ष)
- जितेश भाई सोलंकी (31 वर्ष)
- शोभाबेन मकवाना (50 वर्ष)
- महेन्द्र सिंह (60 वर्ष)
- कांता बाई सोलंकी (55 वर्ष)
जब्त संपत्ति का विवरण:
- 30.160 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत ₹15,08,000)
- 03 नग मोबाइल फोन (कीमत ₹35,000)
- नगद राशि: ₹5,190 (कुल जुमला संपत्ति: ₹15,48,190)