महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने ऑपरेशन निश्चय के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ओडिशा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये बताई गई है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल की जा रही किया कार और चार मोबाइल फोन सहित कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक किया कार में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ की ओर आ रहे हैं। सूचना पर एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित अंतरराज्यीय चेकपोस्ट पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें पीछे की सीट पर रखी सफेद बोरी से 23.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा के बौध जिले से लाकर रायपुर में खपाने के लिए ले जाने की बात बताई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वागत महाकुल (26 वर्ष), केशव गाई गौउरिया (32 वर्ष), मनतोष पौड (28 वर्ष) और रविन्द्र बस्तिया (26 वर्ष) के रूप में हुई है। चारों आरोपी ओडिशा के बौध जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने गांजा की कीमत 11 लाख 75 हजार रुपये, कार की कीमत 8 लाख रुपये और चार मोबाइल फोन की कीमत 20 हजार 500 रुपये आंकी है। इस तरह कुल 19 लाख 95 हजार 500 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। मामले में थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 124/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(II)(बी) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
पुलिस अब गांजा तस्करी से जुड़े आगे और पीछे के नेटवर्क, गांजा के स्रोत तथा इसके खरीदारों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।