शिक्षक दिवस पर भटगांव में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह: विधायक कविता प्राण लहरे ने शिक्षकों को किया सम्मानित, कहा- ‘शिक्षा और संस्कार ही समाज के विकास का आधार’

BIRENDRA KUMAR SEN

September 5, 2026

 

  • शिक्षक दिवस पर भटगांव में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह: विधायक कविता प्राण लहरे ने शिक्षकों को किया सम्मानित, कहा- ‘शिक्षा और संस्कार ही समाज के विकास का आधार’

भटगांव। भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं दार्शनिक डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले शिक्षक दिवस के पावन पर्व पर बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे के नेतृत्व में देवांगन धर्मशाला, भटगांव में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों ने डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला।

समारोह में विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे ने क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं उज्ज्वल भविष्य की नींव भी रखते हैं। समाज में शिक्षक का स्थान सदैव सम्माननीय रहा है। अपने ज्ञान, अनुशासन और मार्गदर्शन के माध्यम से शिक्षक विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा प्रदान करते हैं।

विधायक ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला है तथा इस महत्वपूर्ण कार्य में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। एक शिक्षक अपने विद्यार्थियों का भविष्य संवारने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पण, सेवाभाव और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के लिए आभार व्यक्त किया।

सम्मान समारोह के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि शिक्षक दिवस के अवसर पर इस प्रकार सम्मानित किया जाना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने आयोजन के लिए विधायक श्रीमती कविता प्राण लहरे के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बदलते दौर में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों का बोध कराना भी आवश्यक है। इन सभी क्षेत्रों में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए शिक्षकों का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और शिक्षा के प्रति सम्मान है।

भटगांव में आयोजित यह शिक्षक सम्मान समारोह शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने वाला रहा। गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन में क्षेत्रभर से पहुंचे शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी सहभागी बने।

जिला रिपोर्टर बलौदा बजार

Share this content:

Leave a Comment