प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज के प्रदेश स्तरीय बैठक सतनाम धर्मशाला मड़वा गिरौदपुरीधाम में संपन्न

SARJU SAHU

September 5, 2026

सतनाम धर्मशाला मड़वा में हुई बैठक में भवन निर्माण, शिक्षा समिति, सामाजिक रीति-नीति और आरक्षण सहित कई अहम मुद्दों पर चर्चा

गिरौदपुरीधाम। प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की प्रदेश स्तरीय बैठक सतनाम धर्मशाला मड़वा, गिरौदपुरीधाम में प्रदेश अध्यक्ष एल. कोसले के निर्देशन एवं प्रदेश प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रदेश, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने संगठनात्मक एवं सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक में वीर बलिदानी गुरु बालक दास साहेब की जयंती प्रदेश स्तर पर मनाने सहित समाज को संगठित और मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों पर चर्चा की गई।

धर्मशाला और रायपुर में भवन निर्माण की तैयारी

बैठक में सतनाम धर्मशाला मड़वा गिरौदपुरीधाम तथा राजधानी रायपुर में भवन सौंदर्यीकरण एवं नए भवन निर्माण को लेकर चर्चा हुई। इसके लिए जल्द ही भूमि पूजन किए जाने की जानकारी दी गई।

सामाजिक रीति-नीति में सुधार पर जोर

समाज की सामाजिक रीति-नीति में सुधार के लिए तैयार किए गए 15 बिंदुओं पर जिला अध्यक्षों से फीडबैक लेने और उन्हें ग्रामीण स्तर तक लागू करने की दिशा में चर्चा की गई। सामाजिक एकीकरण और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया गया।

आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन देने की तैयारी

बैठक में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में होने वाली भर्तियों में आरक्षण व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। समाज की ओर से मांग रखी गई कि भर्तियों में राज्य स्तर पर आरक्षण का पालन करते हुए पद जारी किए जाएं, न कि जिला स्तर पर। पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि जिला स्तर पर भर्ती प्रक्रिया होने से अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थी आरक्षण के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इस संबंध में कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री और राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने की बात कही गई।

प्रतिभावान विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रदेश स्तरीय शिक्षा समिति

समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर शिक्षा समिति के गठन पर सहमति व्यक्त की गई। जवाहर नवोदय विद्यालय, उत्कर्ष योजना, प्रयास स्कूल, श्रेष्ठ योजना सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों को प्रवेश दिलाने के लिए उन्हें तैयारी कराने की योजना पर चर्चा हुई।

इसके अलावा समाज में स्कूल एवं कॉलेज खोलने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। आर्थिक रूप से असक्षम लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों की मदद के लिए पे-बैक सोसायटी के संचालन को आवश्यक बताया गया।

संगठनात्मक अनुशासन और प्रोटोकॉल पर भी चर्चा

बैठक में संगठन में रहते हुए अन्य सामाजिक संगठनों में जाने वाले पदाधिकारियों के संबंध में नोटिस जारी करने की बात कही गई। साथ ही सामाजिक कार्यक्रमों में अतिथि बनने और बनाने के दौरान संगठन के प्रोटोकॉल का पालन करने पर भी जोर दिया गया।

प्रदेश प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में संगठन विस्तार का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। समाज की एकता और संगठन को मजबूत करने के लिए हर स्तर पर समन्वय बनाकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

प्रदेश और जिलों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी हुए शामिल

प्रदेश स्तरीय बैठक में पूर्व महासचिव एवं प्रदेश अध्यक्ष साहित्य प्रकोष्ठ से बांधे, उपाध्यक्ष रेशम लाल घृतलहरे, डॉक्टर दिनेश लाल जांगड़े, महासचिव मोहन बंजारे, कोषाध्यक्ष श्याम टांडे, कार्यकारिणी सदस्य श्याम लाल सितारे, यादराम हिरवानी, वीरेंद्र अजगल्ले, गणेश बघेल, भुवन लाल जांगड़े सहित विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बस्तर से संतु बांधे, प्रदेश अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ प्रदीप शृंगी, उपाध्यक्ष दिनेश लहरे एवं उनकी टीम, महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष अंजलि बरमाल, साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रवक्ता राकेश नारायण बंजारे, समाज की पूर्व उपसंचालक शिक्षा एस. चन्द्रसेन, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर रात्रे, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी, प्रोफेसर, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक एवं समाज के शिक्षाविद बैठक में मौजूद रहे।

विभिन्न जिलों के जिला अध्यक्षों में महासमुंद से विजय बंजारे, बेमेतरा से राजलाल बंजारे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ से गिरवर निराला, बिलासपुर से डी.एल. डहरिया, बलौदाबाजार से दीपक घृतलहरे तथा शक्ति जिले से रेशम लाल कुर्रे सहित कीर्तन लाल टंडन, नारायण रात्रे, पुरुषोत्तम बघेल, जिला मीडिया प्रभारी अमीलाल घृतलहरे समेत विभिन्न जिलों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और ब्लॉक स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सामाजिक एकीकरण के लिए लगातार प्रयास जारी रखने का संकल्प

बैठक में प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज की ओर से सामाजिक एकीकरण को प्राथमिकता देते हुए कहा गया कि समाज की एकता, शिक्षा, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। हर परिस्थिति में आपसी समन्वय बनाकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया गया।

बैठक की जानकारी masbnews के संवाददाता को जिला मीडिया प्रभारी अमीलाल घृतलहरे ने दी।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment