छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की पहल से पीड़ित परिवार को मिली 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता,

BHUPENDRA SINHA

September 2, 2026

वैभव राइस मिल में काम करने के दौरान हादसे का शिकार हुए थे संतोष विश्वकर्मा,

राजिम/गरियाबंद – वैभव राइस मिल, राजिम में काम करने के दौरान दुर्घटना के शिकार हुए ग्राम किरवई निवासी संतोष विश्वकर्मा, पिता स्व. अघ्नु राम विश्वकर्मा के परिवार को छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना की पहल से 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई गई। छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के हस्तक्षेप और प्रयास के बाद वैभव राइस मिल प्रबंधन द्वारा पीड़ित परिवार को यह सहायता राशि प्रदान की गई।

मिली जानकारी के अनुसार संतोष विश्वकर्मा वैभव राइस मिल, राजिम में हमाल के रूप में कार्यरत थे। 27 जुलाई 2026 को काम के दौरान उनके साथ दुर्घटना हो गई, जिसमें उनकी कमर की हड्डी टूट गई। दुर्घटना के बाद से वे चलने-फिरने में असमर्थ हैं। इलाज और रोजमर्रा के खर्च के चलते परिवार के सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

पीड़ित संतोष विश्वकर्मा ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी अपने ऊपर होने का हवाला देते हुए न्याय एवं आर्थिक सहायता के लिए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जिला गरियाबंद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया था। आवेदन में उन्होंने बताया था कि दुर्घटना के बाद परिवार को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा वैभव राइस मिल प्रबंधन की ओर से अब तक कोई सहायता नहीं मिली है।

पीड़ित परिवार की समस्या को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना राजिम एवं फिंगेश्वर खड़ के सेनानियों तथा जिला पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से वैभव राइस मिल प्रबंधन के समक्ष मामला रखा और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। संगठन के प्रयास के बाद मिल प्रबंधन द्वारा पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई।

छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना के पदाधिकारियों ने कहा कि मजदूर अपने मेहनत और पसीने से उद्योगों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। काम के दौरान किसी कर्मचारी के साथ दुर्घटना होने पर उसके और उसके परिवार के साथ खड़ा होना मानवीय एवं सामाजिक जिम्मेदारी है। जरूरत के समय पीड़ित परिवार को न्याय और सहायता दिलाना संगठन की प्राथमिकता में शामिल है।

आर्थिक सहायता मिलने से संतोष विश्वकर्मा के परिवार को इलाज एवं रोजमर्रा की आवश्यकताओं को पूरा करने में कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। पीड़ित परिवार ने छत्तीसगढ़िया क्रांति सेना, जिला गरियाबंद के पदाधिकारियों एवं सेनानियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस पहल के दौरान जिला संगठन मंत्री डॉ. हरीश हरित, जिला महासचिव सत्येंद्र कुमार साहू, सचिव निशांत साहू, राजिम खड़ अध्यक्ष लिकेश साहू सहित अन्य सेनानी उपस्थित रहे।

सह संपादक

Share this content:

Leave a Comment