छुरा/गरियाबंद :- छुरा विकासखंड के शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शिक्षक साझा मंच छुरा ने मिनी स्टेडियम में बरसते पानी के बीच एक दिवसीय शांतिपूर्ण धरना दिया। धरने के बाद मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांगों के निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के शासकीय विद्यालयों में सहायक शिक्षक एवं शिक्षक संवर्ग

कर्मचारी लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही उनकी लंबित सेवा संबंधी मांगों का निराकरण किया जाना आवश्यक है।
शिक्षक साझा मंच ने सेवारत शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से सेवा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। मंच ने अन्य राज्यों की तर्ज पर विशेष TET व्यवस्था लागू कर वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों को सेवा सुरक्षा देने की मांग शासन के समक्ष रखी। इसके साथ ही वरिष्ठता के आधार पर पूर्व प्रचलित नियमों के अनुसार पदोन्नति प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी की गई है।
वहीं, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया गया। मंच ने नियुक्ति तिथि से पूर्व की सेवा अवधि की गणना करते हुए सहायक शिक्षकों को पदोन्नति, पेंशन सहित सभी सेवा संबंधी लाभ प्रदान करने की मांग की है।
शिक्षक साझा मंच ने शासन से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
मंच का कहना है कि लंबे समय से स्कूल शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे शिक्षकों को उनकी सेवा के अनुरूप सुरक्षा और लाभ मिलना चाहिए। मांगों का निराकरण होने से सेवारत शिक्षकों को राहत मिलेगी तथा उनकी सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान हो सकेगा।
धरना एवं ज्ञापन कार्यक्रम में फेडरेशन के जिला उपाध्यक्ष रुपेश शर्मा, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष सुश्री ओम प्रभा साहू, जिला संयोजक फनेंद्र साहू, जिला महामंत्री पुरुषोत्तम देवांगन, विकासखंड छुरा के ब्लॉक अध्यक्ष धनंजय कुमार वर्मा, उपाध्यक्ष त्रिलोक सिंह सेन एवं ब्लॉक सचिव पूनम चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
विकासखंड छुरा से प्रमुख रूप से श्रीमती शकुंतला ध्रुव, सुश्री अनसूया साहू, श्रीमती धर्मीन कंवर, कुंती भारती, भूपेश्वरी यादव, जमीला खातून, श्रीमती झरना दिव्य, श्रीमती चंद्रकला ठाकुर, फैलेंद्र ठाकुर, सरफुद्दीन साहिल, ललित नेम, सुशांत दिव्याकर एवं धर्मेंद्र मरकाम सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने धरने में सहभागिता की।