
रिपोर्टर टेकराम कोसले
खापरीडीह। ॐ श्री सिधेश्वर शिक्षण समिति द्वारा संचालित ज्ञानगंगा विद्यालय खापरीडीह में देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों एवं विद्यार्थियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती पुनीता सुदर्शन ध्रुव, सरपंच ग्राम पंचायत खापरीडीह रहीं। उनके साथ ग्राम पंचायत के समस्त पंचगण भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके पश्चात अतिथियों द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रमुख प्राचार्य हेतराम पटेल, समिति के अध्यक्ष लोचन कैवर्त्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, टेकराम कोसले (प्रदेशाध्यक्ष, बहुजन सशक्तिकरण संघ छत्तीसगढ़) तथा बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम रहा। बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य, समूह गान एवं प्रेरणादायक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व को जीवंत कर दिया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमुदाय का मन मोह लिया और पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंग गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती पुनीता सुदर्शन ध्रुव ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने का अवसर भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी।
विद्यालय प्रबंधन समिति एवं शिक्षकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, पालकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ समारोह का सफलतापूर्वक समापन हुआ।