अब राशन के लिए घंटों इंतजार नहीं, कुछ मिनटों में मिल रहा सटीक राशन

SARJU SAHU

August 12, 2026

हितग्राही दुर्गेश कुमार

‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक और पारदर्शिता की नई तस्वीर

बिलासपुर। 12 अगस्त 2026 सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक सरल, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बिलासपुर में शुरू की गई ‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ व्यवस्था अब हितग्राहियों के लिए सुविधा का नया माध्यम बन रही है। सरकंडा क्षेत्र में शुरू हुई इस व्यवस्था से राशन लेने में लगने वाला समय कम हुआ है। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, स्क्रीन पर पात्रता के अनुसार राशन की मात्रा की जानकारी और स्वचालित वितरण की सुविधा से हितग्राहियों को सटीक तौल और पारदर्शी प्रक्रिया का अनुभव मिल रहा है।

कुछ ही मिनटों में पूरी हो रही राशन लेने की प्रक्रिया

चिंगराजपारा निवासी हितग्राही प्रीति मानिकपुरी बताती हैं कि पहले राशन लेने के लिए लंबी कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। अब ग्रेन एटीएम के माध्यम से राशन लेने की प्रक्रिया आसान और तेज हो गई है। मशीन से राशन मिलने के कारण तौल को लेकर भी किसी तरह की चिंता नहीं रहती।

इसी तरह हितग्राही दुर्गेश कुमार यादव के लिए भी यह व्यवस्था सुविधाजनक साबित हो रही है। वे बताते हैं कि ग्रेन एटीएम में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद स्क्रीन पर उनकी पात्रता के अनुसार मिलने वाले राशन की मात्रा स्पष्ट दिखाई देती है। पुष्टि करने के बाद डिस्पेंसर के नीचे थैला रखते ही निर्धारित मात्रा में चावल स्वतः थैले में भर जाता है। इससे राशन की मात्रा को लेकर उनका भरोसा बढ़ा है।

मशीन आधारित व्यवस्था से वितरण हुआ व्यवस्थित

ग्रेन एटीएम की संचालिका रिंकू सिंह ठाकुर के अनुसार नई व्यवस्था से राशन वितरण का काम अधिक व्यवस्थित हो रहा है। मशीन आधारित प्रक्रिया से भीड़ को नियंत्रित करने, हितग्राहियों का समय बचाने और निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने में सुविधा मिल रही है।

तकनीक के साथ बढ़ रहा भरोसा

‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि राशन वितरण की पूरी प्रक्रिया हितग्राही के सामने होती है। बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण के बाद स्क्रीन पर पात्रता और राशन की निर्धारित मात्रा दिखाई देती है। पुष्टि के पश्चात मशीन उसी मात्रा में राशन वितरित करती है। इससे वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलती है।

नई व्यवस्था की शुरुआत अभी प्रारंभिक चरण में है, लेकिन शुरुआती अनुभवों से ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। राशन लेने में लगने वाला समय कम होने के साथ हितग्राहियों को तौल और पात्रता के अनुरूप राशन मिलने का भरोसा भी बढ़ रहा है।

‘अन्नपूर्ति ग्रेन एटीएम’ सार्वजनिक वितरण प्रणाली में तकनीक के प्रभावी उपयोग की दिशा में एक अभिनव पहल के रूप में सामने आया है। यह व्यवस्था केवल राशन वितरण की प्रक्रिया को तेज करने तक सीमित नहीं है, बल्कि हितग्राहियों को सरल, सटीक, पारदर्शी और सम्मानजनक सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। छत्तीसगढ़ शासन की यह पहल तकनीक को जनसुविधा से जोड़ते हुए यह संदेश देती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के साथ-साथ उसे समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से हितग्राहियों तक पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है। आने वाले समय में ऐसी तकनीक आधारित व्यवस्थाएं सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक सुविधाजनक एवं भरोसेमंद बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment