छुरा/गरियाबंद:- भारत विकास परिषद एवं वन बंधु परिषद के तत्वावधान में आयोजित देशाटन पिकनिक कार्यक्रम के अंतर्गत एकल ग्रामोत्थान के प्रदेश अध्यक्ष अनिल डागा के नेतृत्व में देशाटन दल ने छुरा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान दल ने छुरा स्थित ऐतिहासिक राजमहल, पतोरा मंदिर एवं नरसिंह नाथ मंदिर का भ्रमण कर क्षेत्र की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत की जानकारी प्राप्त की तथा पिकनिक का आनंद लिया।
भ्रमण के दौरान देशाटन दल का पड़ाव छुरा नगर स्थित ऐतिहासिक राजमहल में रहा, जहां सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में राजमाता चंद्रकुमारी शाह, राजकुमार यशपेंद्र शाह एवं रानी महेश्वरी शाह की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवाभावी व्यक्तित्वों का सम्मान किया गया। योग के क्षेत्र में योगाचार्य मिथलेश सिन्हा एवं योगाचार्य गणेश आजाद, रामायण टोली एवं मानस परिवार के लिए शिक्षक के रूप में योगदान देने वाले सेवाभावी कार्यकर्ताओं, गौसेवा के क्षेत्र में यशवंत यादव, पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में हेमंत कंसारी, धार्मिक उत्थान एवं मंदिर निर्माण के क्षेत्र में गोपाल सोनी, संस्कार एवं शिक्षा के क्षेत्र में भुवनेश्वर पटेल, गायत्री परिवार एवं प्रचारक के रूप में चतुर सिंह दीवान तथा एकल अभियान के प्रथम नींव कार्यकर्ता (अंचल अभियान प्रमुख) राजेश साहू का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एवं राष्ट्र निर्माण के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रहे सेवाभावी लोगों के योगदान की सराहना की गई। अतिथियों ने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा शिक्षा, संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, गौसेवा, योग, धार्मिक एवं सामाजिक जागरण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्य राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देशाटन कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों ने छुरा क्षेत्र की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित होने के साथ-साथ स्थानीय सेवाभावी कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर कामता महाराज, ओमप्रकाश यादव, मनहरन पटेल, मनोहर यादव, कृष्णा पटेल, रोहित जगत, मीना साहू, ओमेश्वरी ध्रुवा, ललित वर्मा, विमल पुरोहित एवं रामकुमार साहू सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयोजन हेमंत सिन्हा, मनीष शारडा एवं महेंद्र द्विवेदी ने किया।