हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा, ‘वंदे मातरम्’ से गूंजा पूरा गांव

SARJU SAHU

August 8, 2026

सोनहत के घूघरा गांव में भाजपा द्वारा आयोजित हर घर तिरंगा यात्रा में कार्यकर्ताओं व छात्रों ने लिया हिस्सा। भारत माता की जय के नारों से देशभक्ति का माहौल, पढ़ें पूरी रिपोर्ट।

सोनहत। हर घर तिरंगा अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा ग्राम घूघरा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के निर्देशानुसार एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष राजाराम राजवाड़े के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा घूघरा गांव “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के जयघोष से गूंज उठा। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कार्यकर्ताओं और विद्यार्थियों ने देश की एकता, अखंडता एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर रहा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रध्वज नहीं, बल्कि देश की संप्रभुता, गौरव, एकता और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत करना है।

तिरंगा यात्रा में प्रमुख रूप से जिला मंत्री एवं जिला पंचायत सदस्य शिव कुमारी सोनपाकर, भाजपा जिला मंत्री ईश्वर राजवाड़े, भाजपा मंडल सोनहत सह प्रभारी एवं भाजयुमो जिला महामंत्री मनोज साहू, भाजपा मंडल महामंत्री सुरेश राजवाड़े एवं बालकृष्ण देवांगन, सुभाष जायसवाल, सुरेश तिवारी, भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष रमेश तिवारी, सुमित राजवाड़े, दिलीप यादव, चिराग तिवारी, अरविंद राजवाड़े, टिकेश्वर राजवाड़े, रामू राजवाड़े, सरिता राजवाड़े, अनुज राजवाड़े, संजय मानिकपुरी, राजू साहू, गोलू जायसवाल, सविता राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

इसके अलावा कार्यक्रम में शिक्षक कृष्ण चंद सारथी, कृष्ण कुमार राजवाड़े, शशि बंजारे सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर तिरंगा यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों एवं युवाओं ने राष्ट्र प्रथम की भावना, देश की एकता-अखंडता और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संकल्प लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के अवसर पर पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रध्वज फहराने का आह्वान किया।

संपादक { विज्ञापन‍ }

Share this content:

Leave a Comment